हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के सभी 11 वार्डों में साफ-सफाई और डोर टू डोर कूड़ा उठाने का कार्य नए सिरे से ठेके पर आवंटित कर दिया गया है। शुक्रवार और शनिवार दो दिन तक शहर में कूड़ा उठाने के कार्य के लिए आए आवेदन पत्रों की छंटनी प्रक्रिया और सफाई दरों पर काफी माथा-पच्ची के बाद शनिवार को 13.84 लाख रुपये में सफाई का टेंडर आवंटित हुआ।
यह रकम पिछले साल से पांच लाख रुपये कम है। बता दें कि वर्ष 2019 में शहर के सभी 11 वार्डों की सफाई का ठेका पहले 28 लाख रुपये में आवंटित हुआ था। इसका वार्ड तीन से पार्षद अनिल सोनी, मनोनीत पार्षद संदीप भारद्वाज और ईओ किशोरी लाल ठाकुर ने विरोध किया था। इसके बाद अगले ही माह दोबारा सफाई का टेंडर करना पड़ा। दोबारा सफाई का टेंडर 19 लाख रुपये पर हुआ। यानी 9 लाख रुपये की कटौती की गई। अब शनिवार को नगर परिषद ने पुराने टेंडर की अवधि खत्म होनेे के बाद नए सिरे से 13.84 लाख रुपये में टेंडर किया। इस मौके पर ईओ किशोरी लाल ठाकुर, नगर परिषद की अध्यक्ष सुलोचना, उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज, वार्ड तीन से पार्षद अनिल सोनी और पार्षद अश्वनी कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।