हमीरपुर। चिट्टा के साथ रविवार देररात पकड़ा गया एनआईटी हमीरपुर में कार्यरत लैब अटेंडेंट विशाल राज लंबे समय से पुलिस के संदेह के घेरे में था। चिट्टा की बरामदगी के साथ ही एनआईटी हमीरपुर फिर चर्चाओं में आ गया है। एनआईटी के कर्मचारी आरोपी विशाल राज से पूर्व में एनआईटी हमीरपुर में कथित तौर पर स्टूडेंट की चिट्टा की ओवरडोज के मामले में पुलिस पूछताछ कर चुकी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कई बड़े खुलासे हुए हैं। ताजा मामले के तार पूर्व में एनआईटी हमीरपुर के छात्र की मौत के मामले से जुड़ते हुए नजर आ रहे हैं। ऐसे में पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। मामले में जल्द कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
चार माह पूर्व गत वर्ष अक्तूबर में बिलासपुर निवासी एनआईटी हमीरपुर के एमटेक स्टूडेंट सुजल शर्मा की मौत हो गई थी। इस मामले में एनआईटी के स्टूडेंट समेत हमीरपुर और होशियारपुर के कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ताजा मामले में अब दो हमीरपुर जबकि एक होशियारपुर निवासी व्यक्ति चिट्टा के साथ पकड़ा गया है। विशाल राज के साथ पकड़े गए चौकी जंबाला निवासी सुनील शर्मा राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के बाहर स्थित कार्यालय में अकाउटेंट का कार्य करता है। होशियारपुर निवासी रजनीश शर्मा पर होशियारपुर में पूर्व में भी चिट्टा की तस्करी के मामले पंजाब में दर्ज हैं। इससे पहले चिट्टा तस्करी के जिले में दर्ज अधिकतर मामलों में होशियारपुर निवासी अधिक युवाओं की संलिप्पता पाई गई है।
एनआईटी हमीरपुर में गठित होगी जांच कमेटी
एनआईटी हमीरपुर में अब इस मामले में जांच कमेटी जल्द गठित होगी। हालांकि पुलिस की तरफ से एनआईटी प्रबंधन को इस बाबत अभी औपचारिक रूप से सूचित नहीं किया गया है। आरोपी कर्मचारी पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। छात्र की मौत के बाद एनआईटी हमीरपुर प्रबंधन ने चिट्टा की पहुंच को संस्थान तक रोकने के लिए बड़े कदम उठाए थे। अब कर्मचारी से चिट्टा बरामद होने से कई सवाल खड़े हो गए है। एनआईटी हमीरपुर की रजिस्ट्रार अर्चना नानोटी ने कहा कि पुलिस इस बाबत कोई औपचारिक जानकारी नहीं मिली है। मामले में कमेटी गठित की जाएगी। मामले में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एसपी हमीरपुर पदम चंद ने कहा कि चार माह पूर्व हुई छात्र की मौत के मामले से जोड़कर भी हर पहलू से जांच की जा रही है। इससे पूर्व भी मामले में होशियारपुर से आरोपी पकड़े गए हैं। अब ताजा मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों में से एक होशियारपुर का रहने वाला है। एक आरोपी कॉलेज के बाहर स्थित एक कार्यालय में अकाउंटेंट का कार्य करता है।