धनेटा (हमीरपुर)। बाल गुरुकुल पब्लिक स्कूल कांगू में बुधवार को स्कूल के स्थापना दिवस पर वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की धूम रही। इसमें सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य समीर सिंह राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने द्वीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसमें सभी बच्चों के दादा-दादी और माता-पिता ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बुजुर्ग अभिभावकों ने अपने बच्चों के कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाया। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। छात्रों ने पहाड़ी, पंजाबी, देशभक्ति, हरियाणवीं, राजस्थानी गीतों पर नृत्य व लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य सविता राणा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। इसमें उन्होंने गत वर्ष में पाठशाला के छात्रों की शैक्षणिक, खेलकूद व अन्य गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
स्कूल चेयरमैन संजीव राणा ने मुख्यातिथि को सम्मानित करते हुए उनका धन्यवाद किया। कार्यक्रम में स्कूल के संस्थापक डॉ. रिखी राम राणा, चेयरमैन संजीव राणा अन्य सदस्य बीना देवी, रक्षा रानी और गणमान्य अतिथि रमेश चंद पठानिया, रत्न राणा ने भाग लिया। मुख्यातिथि ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाले प्रत्येक सुअवसर का सभी को सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने बच्चों की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 11,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने मेधावी छात्रों और स्कूल की वार्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।