हमीरपुर। उपमंडल बड़सर के एसडीएम ने कोविड-19 से बचाव को लेकर प्रदेश सरकार के दिशानिर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए टीमें गठित कर फील्ड में रवाना कर दी हैं। इस कड़ी में रोजाना एक दर्जन शादियों का निरीक्षण किया जा रहा है। उड़नदस्ते ने चार शादी समारोह में दस्तक दी। इस दौरान इन चार अलग-अलग समारोह में लोग बिना मास्क के पाए गए। उड़नदस्ते ने चारों शादी समारोह के आयोजकों से जुर्माना वसूला। उड़नदस्ते ने एसडीएम कार्यालय में कुल 15 हजार रुपये जुर्माना जमा करवाया है। इसके साथ ही लोगों को कोविड-19 के दिशानिर्देशों की पालन करने के बारे में हिदायत भी दी जा रही है।
उधर, एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार ने कहा कि बड़सर में शादी समारोह में कोविड-19 से बचाव को लेकर जारी किए गए दिशानिर्देशों का पालन करवाने के लिए उड़नदस्ते को भेजा जा रहा है। क्षेत्र में चार शादी समारोह में बिना मास्क के लोगों के घूमने पर पंद्रह हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए आमजन की सहभागिता जरूरी है। लोग मास्क पहनें और सामाजिक दूरी नियमों का पालन करें।