बसों में वर्दी, सुरक्षा उपकरण और प्राथमिक उपचार पेटी भी नहीं मिली
आरटीओ हमीरपुर ने बस अड्डे में निरीक्षण कर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बसों के बोर्ड में रूट परमिट की अनदेखी करना निजी बस ऑपरेटरों को भारी पड़ गया। बस अड्डा हमीरपुर में निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने रूट परमिट के अनुसार बोर्ड नहीं लगाने समेत विभिन्न अनियमितताओं पर करीब दस निजी बसों के चालान किए। जांच में कई बसों पर निर्धारित रूट के अलावा दूसरे स्थानों के बोर्ड लगे मिले। इससे यात्रियों को बस के वास्तविक रूट की जानकारी को लेकर भ्रम की स्थिति बन रही थी। विभाग को इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद आरटीओ ने बस अड्डा हमीरपुर में निरीक्षण कर नियमों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों पर कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान कुछ बसों में चालक और परिचालक निर्धारित वर्दी में भी नहीं मिले। वहीं, कई बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक उपचार पेटी तक उपलब्ध नहीं थी। सुरक्षा इंतजामों में मिली इन खामियों को लेकर भी संबंधित बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आरटीओ ने निजी बस ऑपरेटरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बसों पर रूट परमिट के अनुसार ही बोर्ड लगाए जाएं।
निर्धारित रूट से अलग स्थान का बोर्ड लगाने से यात्रियों को गलत जानकारी मिलने के साथ उनकी परेशानी बढ़ सकती है। चालक-परिचालकों को निर्धारित वर्दी पहनने और बसों में अग्निशमन उपकरण व प्राथमिक उपचार पेटी रखना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बस अड्डे में निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी और सुरक्षा व्यवस्था में कमियां मिलने पर करीब दस निजी बसों के चालान किए गए हैं। बस ऑपरेटरों को रूट परमिट के अनुसार ही बोर्ड लगाने और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम पूरे रखने की हिदायत दी गई है। -राजीव ठाकुर, आरटीओ