नादौन(हमीरपुर)। नगर परिषद नादौन के वार्ड नंबर चार में दो वर्ष से घर पर खराब पड़े पुराने स्कूटर का आरटीओ कार्यालय सोलन ने चालान कर दिया। चालान से स्कूटर मलिक भी परेशान है।
स्कूटर मालिक नवल अवस्थी निवासी वार्ड नंबर चार ने बताया कि 26 और 27 फरवरी को उन्हें स्कूटर के 15 हजार रुपये के दो चालान होने की सूचना प्राप्त हुई। उनका स्कूटर पिछले दो वर्षों से घर पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1992 में उनके स्कूटर का पंजीकरण बड़सर में हुआ था। बड़सर में ही पंजीकरण रिन्यू करवाया।
अब नई स्कूटी लेने के बाद स्कूटर घर पर ही पड़ा है। 26 फरवरी को उन्हें मोबाइल पर मैसेज आया कि कालका-शिमला मार्ग पर सलवारा टोल प्लाजा पर उनके स्कूटर का पांच हजार रुपये का चालान कटा है। इसके उपरांत 27 फरवरी को उन्हें फिर से उसी क्षेत्र में दस हजार रुपये का चालान होने का मैसेज मिला। वह स्कूटर को लेकर कहीं भी नहीं गए।
नवल नादौन शहर के पत्तन बाजार में दुकान करते हैं। उनके घर में दो गाड़ियां हैं। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि कहीं कोई उनके स्कूटर नंबर का गलत इस्तेमाल कर रहा है।