हमीरपुर। जिला परिषद हमीरपुर के विभिन्न वार्डों का आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया गया है। उपायुक्त देवश्वेता बनिक की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार परिषद के कुल 18 वार्डों में से 9 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। नए रोस्टर के कारण जिला परिषद के चेयरमैन राकेश ठाकुर और वाइस चेयरमैन चौधरी चंदू लाल का वार्ड महिला के लिए आरक्षित हो गया। अनारक्षित वार्डों में वार्ड नंबर 1 बगेहड़ा, वार्ड नंबर 7 धीरड़, वार्ड नंबर 11 करेर, वार्ड नंबर 14 दांदड़ू, वार्ड नंबर 15 लहड़ा और वार्ड नंबर 18 नौंहगी शामिल है। वार्ड नंबर 6 अणु, वार्ड नंबर 8 जाहू, वार्ड नंबर 12 बिझड़ी, वार्ड नंबर 13 बड़सर और वार्ड नंबर 17 बेला महिलाओं के लिए आरक्षित है।
वार्ड नंबर 4 धलोट और वार्ड नंबर 5 जंगलरोपा अनुसूचित जाति के लिए रखे गए हैं, जबकि वार्ड नंबर 2 करोट और वार्ड नंबर 3 दरोगणपति कोट अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। वार्ड नंबर 16 मालग अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए, जबकि वार्ड नंबर 9 खरवाड़ और वार्ड नंबर 10 भोरंज अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। जिले की 6 ब्लॉक पंचायत समितियों का आरक्षण रोस्टर भी जारी कर दिया गया है। उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। बीडीसी सुजानपुर का अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि बीडीसी अध्यक्ष बमसन का पद अनुसूचित जाति की महिला और बीडीसी अध्यक्ष बिझड़ी का पद अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित होगा। बीडीसी भोरंज, बीडीसी हमीरपुर और बीडीसी नादौन के अध्यक्ष पद अनारक्षित होंगे।
बाक्स:
जिला परिषद के 10 वार्डों के नाम बदले
जिला परिषद के 10 वार्डों के नाम में भी परिवर्तन किया गया है। यह परिवर्तन प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया है। सराहकड़ वार्ड का नाम अब अणु, चबूतरा का नाम करोट, समीरपुर का धीरड़, धमरोल का जाहू, सौर का करेर, बणी का दांदडू, धनेटा का मालग, अमलेहड़ का बेला, सपडोह का नौहंगी और गसोता का नया नाम धलोट रखा गया है। जिन पंचायतों की जनसंख्या सबसे अधिक है, उनके नाम पर जिला परिषद के वार्डों का नामकरण हुआ है।