हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए), हमीरपुर ने समूह अनुदेशक (ग्रुप इंस्ट्रक्टर), पोस्ट कोड 24001 के 12 रिक्त पदों को भरने के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की तिथि घोषित कर दी है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने शुक्रवार को बताया कि यह परीक्षा 17 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह नौ बजे शुरू होगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक उपलब्ध करा दिया जाएगा।
रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे रोल नंबर और एडमिट कार्ड संबंधी अपडेट्स के लिए अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को समय-समय पर चेक करते रहें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवस के दौरान व्यक्तिगत रूप से या आयोग के फोन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।