भोटा बाजार में दुकान में हुई चोरी की जानकारी देते हुए दुकानदार तथा मौके पर पहुंची पुलिस। संवाद
भाेटा (हमीरपुर)। स्थानीय बाजार में चोरों ने एक मनियारी की दुकान के दरवाजे की कुंडी उखाड़कर नकदी और नोटों के हार पर हाथ साफ कर लिया। चोरी की यह घटना वीरवार सुबह उस समय सामने आई, जब दुकानदार दुकान पर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार मोरसू गारलां निवासी बीरबल भोटा बाजार में मनियारी की दुकान चलाते हैं। सुबह दुकान पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दरवाजे की कुंडी उखाड़ी गई है और दरवाजे को भी नुकसान पहुंचा है। अंदर जांच करने पर गल्ले से करीब 1500 रुपये नकद और लगभग 5000 रुपये के नोटों का हार चोरी पाया गया।
घटना की सूचना भोटा पुलिस सहायता कक्ष को दी गई, जिसके बाद प्रभारी निर्मला ठाकुर टीम सहित मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त न होने पर सवाल उठाए हैं।
एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है।