हमीरपुर एनएच पर लाश रख चक्का जाम करते मृतक अध्यापिका के परिजन और ग्रामीण।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सरकारी स्कूल की अध्यापिका अमिता कुमारी (39) पत्नी अरुण शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने निजी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। अध्यापिका के पति अरुण शर्मा और ग्रामीणों की शिकायत और दिनभर चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज किया। इसके साथ ही डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा से अभी तक पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट नहीं आई है। वहीं फोरेंसिक विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने निजी अस्पताल से मृतक महिला का सारा रिकॉर्ड भी ले लिया है।
विशेषज्ञों की टीम इस मामले की जांच कर रही है। अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लापरवाही उजागर होती है तो निजी अस्पताल प्रबंधन की मुसीबतें बढ़ सकती हैं। अब सब लोगों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके साथ ही पुलिस ने महिला के पति और अन्य शिकायतकर्ताओं के बयान भी कलमबद्ध कर लिए हैं। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से भी इस मामले में पूछताछ की है। वहीं, डीएसपी हितेश लखनपाल और पुलिस थाना प्रभारी संजीव गौतम ने इस मामले को शांतिपूर्वक निपटाने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, आक्रोशित भीड़ द्वारा पुलिस को धक्का देने और जबरन जुलूस निकालने के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने आत्मरक्षा और लोगों को शांत करवाने के लिए खाली पिस्तौल तानी थी। सुबह नौ बजे गांव ब्राहलड़ी से शुरू हुआ यह धरना प्रदर्शन दोपहर एक बजे खत्म हुआ। जिसके बाद मृतक महिला का अंतिम संस्कार हो पाया।
बाक्स:
आज है बेटी का जन्मदिवस
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत के आगोश में समाई अमिता की चार वर्षीय बेटी अनिका शर्मा का शनिवार को जन्मदिन है। माता-पिता लंबे समय से बेटी के जन्मदिन को धूमधाम से मनाने के लिए तैयारियां कर रहे थे। लेकिन, अनिका को क्या पता था कि जन्मदिन से पहले उसकी मां हमेशा के लिए उनसे दूर हो जाएगी। शुक्रवार को बेटी की मां अमिता कुमारी का ब्राहलड़ी स्थित गांव के श्मशानघाट में अंतिम संस्कार हो गया। उनकी मौत के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है।