नादौन। उपमंडल नादौन के धनेटा में जलशक्ति विभाग की पेयजल योजना के निकट सेप्टिक टैंक की गंदगी फेंकने पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना को लेकर विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज भोगल ने कड़ा संज्ञान लिया है। सैंपल की एक रिपोर्ट में पानी 40 फीसदी दूषित पाया गया है। घटना का पता चलते ही विभाग ने इस योजना को बंद कर दिया है।
योजना के अंतर्गत आने वाले करीब आधा दर्जन गांवों में गत 4 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। यह मामला 4 दिन पुराना है जब एक ट्रैक्टर चालक ने किसी के घर के शौचालयों का सेप्टिक टैंक साफ किया और इस गंदगी को धनेटा के निकट बलेटा पेयजल योजना के नाले में फेंक दिया। जहां से यह बहते हुए पेयजल योजना के निकट बहने वाली खड्ड में उस स्थान तक पहुंच गया, जहां से स्कीम के लिए पानी उठाया जाता है और घरों को सप्लाई किया जाता है। विभाग का कहना है कि जब तक सैंपल की रिपोर्ट ठीक नहीं आ जाती तब तक पेयजल आपूर्ति बंद रखी जाएगी। इस संबंध में एसडीओ धनेटा राम कुमार शर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही पेयजल आपूर्ति बंद कर दी गई थी और इसकी शिकायत पुलिस को दे दी गई है। उधर, थाना प्रभारी नीरज राणा ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।