हमीरपुर-ऊना हाईवे पर बड़सर के गलू के समीप रविवार को एक ट्रक और कार की टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में कार चला रहे परिवार के मुखिया की मौके पर मौत हो गई जबकि पत्नी और दो लड़के घायल हो गए। होशियार का रहने वाला यह परिवार बाबा बालक नाथ मंदिर में शीश नवाने आया था।
रविवार सुबह-सवेरे होशियारपुर के रहने वाले एक ही परिवार के ये चार लोग कार में सवार होकर बाबा बालक नाथ मंदिर के दर्शन करने के बाद अपने घर वापस जा रहे थे कि अचानक ही कार चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इसके चलते श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसे में कार चालक प्रेम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कार में बैठे अन्य तीन लोगों में से दो को मामूली चोटें आई हैं जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घायलों की पहचान जसविंद्र कौर (पत्नी), पुत्र मनप्रीत और दीपक के रूप में हुई है।
गंभीर घायल महिला को डॉक्टरों ने बड़सर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ऊना अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
डीएसपी बड़सर अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि कर कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।