हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राजकीय सीएंडवी अध्यापक संघ का राज्य स्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से धर्मशाला में मिला। प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता संघ के प्रदेशाध्यक्ष चमन शर्मा ने की।
जिसमें प्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय माध्यमिक पाठशालाओं और राजकीय उच्च विद्यालयों से भाषा अध्यापक, कला अध्यापक व शारीरिक शिक्षक के पद समाप्त करने वाली प्रपोजल का कड़ा विरोध जताया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से छात्रहित में इन पदों को समाप्त न करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने संघ को आश्वस्त किया कि संबंधित विद्यालयों से भाषा अध्यापक, कला अध्यापक व शारीरिक शिक्षक के महत्वपूर्ण विषयों के पदों को समाप्त नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला हमीरपुर से सीएंडवी अध्यापक संघ के जिला प्रधान सुरेंद्र कुमार, महासचिव देवराज पटियाल, वित्त सचिव अश्वनी भारद्वाज, वरिष्ठ उपप्रधान सुरेंद्र पठानिया, सुजानपुर के खंड प्रधान होशियार सिंह, नादौन के खंड प्रधान देशराज शर्मा, हमीरपुर के खंड प्रधान कर्मचंद, बिझड़ खंड के प्रधान दलेर सिंह सहित राजेश कुमार, रमेश चंद, पवन परमार, विजय कुमार आदि के साथ प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से लगभग 200 से अधिक अध्यापक उपस्थित रहे।