नादौन(हमीरपुर)। स्थानीय बस अड्डा पर बेवजह खड़ी बसों को वहां से हटाने के लिए स्थानीय दुकानदारों ने एसडीएम विजय कुमार को शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत के आधार पर एसडीएम ने नगर पंचायत को कार्रवाई करने के आदेश पारित किए हैं। कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत सचिव संजय कुमार ने करीब दर्जन भर बस संचालकों को नोटिस जारी करके इन बसों को अड्डा से तुरंत हटाने या पार्किंग फीस का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। बस अड्डा पर स्थित दुकानों के संचालकों ने अपनी शिकायत में कहा था कि काफी समय से उनकी दुकानों के आगे बसें खड़ी हैं जिससे उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि बसों के कारण लोगों को यह भी पता नहीं चल पा रहा कि उनकी दुकानें खुली हैं या बंद हैं। इस संबंध में एसडीएम विजय कुमार ने बताया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर पंचायत सचिव संजय कुमार ने कहा कि संचालकों ने अपनी बसें नहीं हटाई तो पार्किंग फीस वसूली जाएगी।