सम्मू ताल में बस अड्डे का निर्माण कार्य प्रगति पर
2.32 करोड़ रुपये का बजट किया जा रहा खर्च
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किया था बसे अड्डे का शिलान्यास
वर्तमान में उपमंडल भोरंज के जाहू कस्बे में ही है बस अड्डा की सुविधा
भोरंज में बस अड्डा न होने से बस्सी बाजार में बेतरतीब तरीके से खड़ी होती हैं बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत सम्मू ताल में बस अड्डे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस अड्डे का निर्माण छह कनाल भूमि पर किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने अढ़ाई माह पूर्व सम्मू ताल पर जगह चिह्नित कर बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू करवाया था ताकि शीघ्र इसे पूरा किया जा सके। वर्तमान में बस अड्डे में फ्लोरिंग का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अब धरातल मंजिल का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। आगामी समय में बसों को खड़ा करने में सुविधा मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस बस अड्डे में इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग स्टेशन और बसों को खड़ा करने के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित होंगे। भोरंज में बस अड्डे के निर्माण कार्य पर परिवहन निगम की ओर से दो करोड़ 32 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जनवरी में भोरंज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान बस अड्डे का शिलान्यास किया था। अब लोक निर्माण विभाग ने सम्मू ताल में भवन निर्माण कार्य शुरू करवा दिया था। उपमंडल भोरंज में लंबे समय से बस अड्डे के निर्माण की मांग चली आ रही थी। ग्रामीण लंबे समय से प्रदेश सरकार से बस अड्डा निर्माण कार्य करवाने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग पर अब भोरंज में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस अड्डे का निर्माण होगा। वर्तमान में भोरंज उपमंडल के जाहू कस्बे में ही बस अड्डा की सुविधा है। ऐसे में बस अड्डे के न होने से बस्सी बाजार में जगह-जगह बेतरतीब तरीके से बसें खड़ी रहती हैं। इससे बस चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब बस अड्डा बनने से काफी लाभ मिलेगा।
कोट
सम्मू ताल में छह कनाल भूमि पर बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू करवाया जा रहा है। इस पर 2.32 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाएगा ताकि लोगों को बस अड्डे की सौगात मिल सके।
विजय कुमार, एसडीओ, लोनिवि भोरंज।