कुठेड़ा हमीरपुर बस रूट की बस पट्टा बाजार में खराब खड़ी हुई और परेशान होते हुए यात्री।(स्रोत:संव
हमीरपुर। जवाहर लाल नेहरू नेशनल अर्बन मिशन के तहत कुछ साल पहले ही भेजी गई बसें अब रास्ते में ही हांफना शुरू हो गई हैं। पट्टा स्कूल के सामने मंंगलवार सुबह के समय कुठेड़ा से हमीरपुर आते समय बस आधे सफर में ही हांफ गई और यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को दूसरी बसों के लिए अपने सामान के साथ लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि, चालक बस के बोनट को खोलकर खराबी की जांच करता रहा लेकिन इसका सही से पता नहीं चल पाया। चालक बस को हमीरपुर तक पहुंचाने के लिए सवारियों को उतारने के बाद कोशिश में लगा रहा लेकिन बस सुपर हाईवे के बीचोबीच ही खड़ी हो गई। इससे दूसरे वाहनों को आवाजाही में दिक्कतें पेश आईं। चालक ने किसी न किसी तरह से बस को किनारे लगाकर यातायात को सुचारू करवाया। चालक का कहना है कि बस के इलेक्ट्रिक पैनल में कोई दिक्कत आ गई है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बस में सफर करने वाले अशोक कुमार, दुनी चंद, पुष्पा देवी, नैना शर्मा का कहना है कि बस के रास्ते में खराब हो जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें अपने सामान के साथ पैदल भी चलना पड़ा।बाक्स
उधर, पथ परिवहन निगम के उपमंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक नेे बताया कि कुठेड़ा हमीरपुर बस सुबह के समय खराब हुई थी। इसकी मरम्मत करवा दी गई है। अब बस अपने रूट पर सुचारू रूप से चली हुई है।