बस न होने से लोगों को रात्रि समय में घर जाने में हो रही खासी दिक्कत
हिमाचल पथ परिवहन निगम से बस सुविधा मुहैया कराने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के अंतर्गत पटलांदर चौरी जाने के लिए यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शाम 5:40 बजे के बाद क्षेत्र के लिए कोई भी बस सेवा नहीं है। इससे पूर्व इस रूट पर शाम 6:45 बजे निजी बस सुजानपुर से चौरी के लिए चलती थी लेकिन दो वर्षों से निजी बस भी बंद है। बस सेवा न होने से शाम 5:40 के बाद चमियाणा पटलांदर चौरी की ओर जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों नीरज, गुरुदत्त, अनुपम, सन्नी, रमेश, रंजीत, कपिल, रमेश कुमार, किरण आदि ने कहा कि इस रूट पर कोई भी बस न होने से शाम के समय यात्रियों को टैक्सी करके जाना पड़ता है। सबसे अधिक समस्या महिला यात्रियों और नौकरीपेशा करने वालों को होती है। वे कई बार समस्या के बारे में विभाग और विभागीय अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने परिवहन निगम से सुजानपुर से पटलांदर चौरी के लिए शाम सात बजे के करीब बस सुविधा शुरू करने की मांग की है ताकि लोगों को आवाजाही में दिक्कत का सामना न करना पड़े। इस बारे में हमीरपुर डिपो के डीडीएम राजकुमार पाठक ने कहा कि समस्या को लेकर कोई भी शिकायत नहीं आई है। लोगोंं की मांग पर बस सेवा शुरू कर दी जाएगी ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े।