यात्री हुए परेशान, वाहन चालकों को गंतव्य तक पहुंचने में हुई देरी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हमीरपुर उपमंडल के भोटा चौक के पास एक सरकारी बस के अचानक खराब हो जाने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। बस के बीच सड़क में रुकने से लंबा जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, यह बस रैली जजरी से हमीरपुर की ओर आ रही थी। भोटा चौक के समीप पहुंचते ही बस में तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच सड़क में ही रुक गई। इसके चलते पीछे आ रहे वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात बहाल करवाने का प्रयास किया। इस दौरान कई यात्रियों को मजबूरी में पैदल ही अपने गंतव्य की ओर रवाना होना पड़ा।
यात्रियों ने निगम प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि बसों की नियमित जांच नहीं होने के कारण ऐसी समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने मांग की कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए बसों की समय-समय पर उचित जांच सुनिश्चित की जाए।
कोट
बस खराब होने की सूचना मिली थी। मौके पर मेकेनिक को भेजा गया है। जल्द ही बस की मरम्मत करवा दी। -राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो