नादौन(हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के साथ लगते पीर सलूही क्षेत्र में निजी बस दुर्घटना में घायल महिला ने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
सोमवार को मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। बीते रविवार को बंगाणा से नादौन जा रही बस पीर सलूही के पास सड़क से अनियंत्रित होकर लुढ़क गई। बस में चालक-परिचालक सहित कुल 9 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कुल तीन यात्रियों को चोटें आई थीं। तीनों घायलों उधमी देवी निवासी कलूर, कमला देवी निवासी टिल्लू, नादौन और रवि राणा निवासी पीर सलूही घायल हुए थे।
तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नादौन अस्पताल ले जाया गया। यहां से उधमी देवी को टांडा रेफर कर दिया। उधमी देवी के परिजन उसे जालंधर ले गए, लेकिन होशियारपुर के पास गंभीर घायल उधमी देवी (65) ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उधर, थाना प्रभारी ज्वालामुखी शंकर सिंह चंदेल का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।