जाहू (हमीरपुर)। आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं में शनिवार को आयोजित रोगी कल्याण समिति की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता एसडीएम भोरंज संजय कुमार ने की। इसमें जिला आयुर्वेदिक अधिकारी देशराज वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं के प्रभारी डॉ. अंचित सागर ने आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं की वार्षिक आय-व्यय का विवरण रखा गया। मीटिंग में जिला परिषद सदस्य रमन वर्मा ने आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं को नेत्र जांच उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए बजट उपलब्ध करने की बात कही। रमन वर्मा ने कहा कि आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं में नेत्र जांच उपकरण न होने की वजह से नेत्र रोगियों को परेशानी होती है। इस उपकरण के लिए बजट उपलब्ध करवाया जाएगा।
आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं के शौचालयों की मरम्मत का जिम्मा पंचायत प्रधान शशि कुमार ने लिया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी देशराज वर्मा ने विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी और इन्हें लोगों तक पहुंचाने के लिए पंचायत के माध्यम से अवगत करवाने का आह्वान किया।
(समाचार: बवीता चंदेल)