बल्ह विधानसभा क्षेत्र की लोहारा पंचायत में रात को चोरो ने तोडा दुकान में गल्ले का ताला । स्रोत
बग्गी (मंडी)। बल्ह विधानसभा क्षेत्र के तहत लोहारा पंचायत में मंगलवार रात को चोरों ने बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता (जेई) के कार्यालय और स्टोर सहित चार अन्य दुकानों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने एक दुकान से करीब 25 हजार रुपये की नगदी और अन्य दुकानों से सामग्री चुराई है।
चोरी का खुलासा तब हुआ जब चमन लाल शर्मा बुधवार सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे और ताला टूटा हुआ पाया। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो 25 हजार रुपये की नगदी गायब थी। इसके अलावा गोविंद राम (बार्बर), सतीश कुमार (सब्जी विक्रेता) और भूपी चंदेल (रेडीमेड) की दुकानों में भी सेंध लगाई गई थी।
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रधान पन्नालाल और उपप्रधान बबलू वालिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चार दुकानों और एक जेई के कार्यालय का ताला भी गायब था। दुकानों के शटर को भी नुकसान पहुंचाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी हेडक्वार्टर दिनेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी से हो सकता है खुलासा
चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों का खुलासा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से हो सकता है। घटनास्थल के पास स्थित पीएनबी के एटीएम बूथ के पास सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। इसमें चोरों की तस्वीर कैद होने की संभावना है। पुलिस ने इस फुटेज को कब्जे में ले लिया है और उसकी जांच की जा रही है।
चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत
कुछ दिन पहले लोहारा पंचायत में उपप्रधान बबलू वालिया की कार का म्यूजिक सिस्टम और अन्य वाहनों की बैटरियां भी चोरी हो चुकी हैं। इसके अलावा नलसर और बैहना में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है और लोग चोरी की घटनाओं में नशेड़ी युवाओं का हाथ होने की आशंका जता रहे हैं।