हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में ब्रेस्ट कैंसर और फेफड़े कैंसर के मरीज बढ़ने लगे हैं। अस्पताल में ब्रेस्ट कैंसर, फेफड़े के कैंसर और अन्य कैंसरों के हर माह 200 के करीब मरीज पहुंच रहे हैं। फेफड़े के कैंसर का मुख्य कारण धूम्रपान है। फेफड़े का कैंसर अधिकतर पुरुषों में हो रहा है। बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू आदि का सेवन करने से फेफड़े का कैंसर फैल रहा है।
वहीं महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के मामलों में इजाफा हो रहा है। इसके कुछ कारणों में आनुवांशिक कारण, संतुलित भोजन का इस्तेमाल नहीं करना और जीवनयापन का गलत तरीका आदि शामिल हैं। इस बारे में रेडियोथैरेपी विभाग की विशेषज्ञ डॉ. कुंजन शर्मा ने कहा कि फेफड़े का कैंसर धूम्रपान आदि से फैल रहा है। वहीं ब्रेस्ट कैंसर में आनुवांशिक कारण संतुलित भोजन का उपयोग नहीं करना और महिलाओं का जीवनयापन का गलत तरीका है। उन्होंने कहा कि कैंसर के मरीज लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनका यहां अस्पताल के कैंसर डे-केयर वार्ड में इलाज चल रहा है।
वहीं इस बारे वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चौहान ने पुरुषों से धूम्रपान नहीं करने की अपील की है। वहीं महिलाओं को संतुलित आहार लेेने की अपील की है।