बलडोड में मंदिर में जांच करती पुलिस टीम। जागरूक पाठक।
गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत ग्राम पंचायत नारा के गांव बलडोड के शिव मंदिर और कुलदेवी मंदिर की दो पीतल की भारी घंटियां दिन के उजाले में ही चोरी हो गईं। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मंदिर के रखरखाव करने वाले रघुवीर सिंह गर्ग ने बताया कि दोनों मंदिरों में बड़े आकार की घंटियां लगी थीं। बुधवार को दिनदहाड़े घंटियां चोरी हो गईं। उन्होंने बताया कि मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़ने का प्रयास भी किया गया है। इस दानपात्र को साल में एक दफा शिवरात्रि के अवसर पर ही खोला जाता है।
दरअसल मंदिर के साथ लगते घर में महिला सरोती देवी को तोड़-फोड़ की आवाज सुनाई दी। महिला ने कहा कि उसने आवाज लगाई कि कौन है तो अंदर से एक लडक़ा नीले रंग का बैग, नीले रंग का हेलेमेट पहने हुए निकला। उसने कहा कि कोई नहीं है, साथ ही भागता हुआ कुछ दूरी पर खड़ी नीले रंग की बाइक पर सवार होकर भाग गया। महिला की आवाजें सुनकर साथ लगते घरों से लोग मंदिर में पहुंचे।
वहीं, जांच करने पर मंदिर में दानपात्र क्षतिग्रस्त दिखा। मंदिर का रखरखाव करने वाले रघुवीर ने मौके पर आकर साथ लगते कुलदेवी के मंदिर में जाकर देखा तो वहां से घंटियां गयाब थीं। उन्होंने कहा कि मंदिर के दानपात्र में लगे ताले को पत्थर से तोड़ने की कोशिश की गई है। उन्होंने पुलिस चौकी को फोन के माध्यम से जानकारी दी। पुलिस चौकी प्रभारी विनय कुमार अत्री ने बताया कि टीम जांच के लिए गई है। मामले में स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
बलडोड में मंदिर में जांच करती पुलिस टीम। जागरूक पाठक।