टौणी देवी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत मंगलवार को क्लस्टर समिति की बैठक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में हुई। बैठक में लागू की जा रही क्लस्टर प्रणाली के तहत शिक्षा की गुणवत्ता, समन्वय और संसाधन-साझेदारी को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य को लेकर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने की। प्रधानाचार्य ने क्लस्टर प्रणाली की पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं शैक्षिक महत्त्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। क्लस्टर प्रणाली शिक्षा में सहयोग, नवाचार और साझेदारी की भावना को प्रोत्साहित करेगी।
बैठक में 13 पाठशालाओं टौणी देवी, राजकीय उच्च पाठशाला पटनौण, राजकीय माध्यमिक पाठशाला थाना दरोगन, सिसवां, राजकीय प्राथमिक पाठशाला टौणी देवी, सिसवां, लोहाखर, स्वाह्लवा, बारीं, झनिकर, पटनौण तथा सिकांदर के प्रधान अध्यापक, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में क्लस्टर के संचालन को और अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से विकास शर्मा को क्लस्टर समिति का अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने बताया कि क्लस्टर स्तर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विज्ञान प्रदर्शनियां तथा जीवन कौशल आधारित गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी। बैठक में वंदना, हेमलता, विनोद, करमचंद, आशीष, पवन, राजीव, अजय, ज्योति सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।