रंगस(हमीरपुर)। विकास खंड नादौन की 59 पंचायतों में बीपीएल सर्वे की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। सर्वे के लिए खंड विकास अधिकारी ने कमेटियों का गठन कर दिया है। पंचायत स्तर की कमेटी में पंचायत सचिव, पटवारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है ताकि सर्वे प्रक्रिया में पारदर्शिता लाया जा सके। सर्वे के तहत पात्र परिवार 30 अप्रैल तक पंचायत सचिवों के पास आवेदन कर सकेंगे। आवेदनों के बाद ग्राम सभा में पात्र परिवारों को लेकर चर्चा होगी।
ग्राम सभा से आवेदन के पास होते ही ब्लॉक स्तर की कमेटी में पात्रता की सही जांच होने पर मुहर लगेगी। ब्लॉक स्तर की कमेटी की अध्यक्षता एसडीएम नादौन राकेश शर्मा, खंड विकास अधिकारी नादौन निशांत शर्मा व पंचायत निरीक्षक इस कमेटी के सदस्य होंगे। ब्लॉक स्तर की कमेटी ही आवेदक की पात्रता को लेकर अंतिम निर्णय करेगी।
बीपीएल सर्वे की प्रक्रिया शुरू करने के सभी पंचायतों को आदेश जारी कर दिए हैं। इसके लिए कमेटियों का गठन भी कर दिया गया है। किसी कारणवश कोई पात्र परिवार स्थानीय कमेटी के पास आवेदन नहीं कर पाए तो ब्लॉक स्तर की कमेटी के पास भी निश्चित समय में आवेदन कर सकते हैं।
-निशांत शर्मा, खंड विकास अधिकारी नादौन