सुजानपुर(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बनाल के गांव सरोहल के ग्रामीणों ने 45 सालों से पंचायत में एससी सीट आरक्षित न होने पर विरोध जताया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस बार यदि एससी वर्ग के लिए सीट आरक्षित न हुई तो वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
उनका कहना है कि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए इतने वर्षों से पंचायत प्रधान की सीट आरक्षित न होना अपने आप में गंभीर सवाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि दशकों से पंचायत में विकास कार्य भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं हुए हैं।
ग्रामीणों में विक्रम, प्यार चंद दीप कुमार, कांता देवी आदि ने कहा कि समस्या को लेकर प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा चुका है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई भी जवाब नहीं आया है। ऐसे में पंचायत स्तर पर समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने पंचायती राज चुनाव का बष्हिकार करने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि सरोह गांव में 45 परिवार अनुसूचित जाति वर्ग के हैं। ग्रामीण लंबे समय से पंचायत प्रधान के पद को एससी वर्ग के लिए आरक्षित करने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन हर बार बात को अनसुना किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में उनके गांव में कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ है।
गांव में सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे ग्रामीणों का जीवन कठिनाई पूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा पंचायत में एससी सीट आरक्षित होने से ग्रामीणों को विकास कार्य करवाने में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में पंचायत की ओर से उनके वर्ग की अनदेखी की जाती है। उन्होंने प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की है।