नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के एक युवक की रविवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की पहचान नवीन कुमार 33 वर्ष पुत्र अनूप कुमार के तौर पर हुई है। नवीन शहर के वार्ड नंबर पांच का निवासी था। वह चौगला बाजार के निकट चाय की दुकान करता था। कुछ समय से वह शादियों में खाने के स्टॉल आदि लगाया करता था। दो दिन पूर्व वह कांगड़ा में एक शादी में गया था। जहां से वापस लौटने के बाद वह घर पर ही आराम कर रहा था। रविवार देर शाम तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो पड़ोसियों और परिजनों को शक हुआ। उसे कमरे से बाहर निकाला तो उसका शरीर ठंडा था। उसे नादौन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वह अपने पीछे वृद्ध मां और एक भाई छोड़ गया है। थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज करके छानबीन आरंभ कर दी है।