बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत मैहरे बाजार में जुए के चंद रुपयों के लिए शराब के नशे में दोस्त की हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। हत्या की वारदात फरवरी की है। 12 फरवरी को पुलिस ने मैहरे बाजार में मकान की तीसरी मंजिल से बिहार निवासी दिनेश कुमार का शव बरामद किया था।
प्रारंभिक जांच में मृतक व्यक्ति के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए थे। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या का खुलासा हुआ था। इसमें विशेषज्ञों ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। इसके बाद मामले की जांच करते हुए पुलिस अधीक्षक हमीरपुर पदम चंद की अगुवाई में पुलिस टीम ने वारदात स्थल के इर्द-गिर्द के सीसीटीवी को खंगाला।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राघव उर्फ राधे निवासी बड़सर और रवि उर्फ मिर्गी निवासी राजस्थान को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में आरोपियों ने जुर्म भी कबूल किया है। इसके बाद अदालत ने उन्हें सात मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। एसपी हमीरपुर पदम चंद ने कहा कि मामले की छानबीन जारी है। दोनों आरोपियों को सात मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।