हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत कोहली गांव में एक फर्नीचर की दुकान से 29 हजार की खरीदारी के बाद चार लोगों ने मालिक को बिना राशि बाले खाते का चेक थमा दिया। धोखाधड़ी का शिकार होने का पता चलने पर संबंधित दुकान मालिक ने पुलिस थाना सदर में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने चार आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन लोग गिरफ्त से बाहर हैं।
बालक राम धीमान मैसर्ज जय कामना स्टील एंड वूडन फर्नीचर उद्योग कोहली जिला हमीरपुर ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनका कोहली में वूडन फर्नीचर उद्योग है। उनके शोरूम में चार लोग आए। इनमें से पवन कुमार और राजीव ने खुद को किसी बैंक का मैनेजर और साथ आये सुरेश को अपना चपरासी तथा एक लड़के को ड्राइवर बताया। इसके बाद वह कहने लगे कि उन्हें फर्नीचर चाहिए। जिस पर उन्हें 29101 रुपये की कीमत का फर्नीचर दे दिया। उन्होंने कहा कि वह भुगतान की रकम ऑटो ड्राइवर के पास दे देंगे। फर्नीचर छोड़ने गए ड्राइवर के हाथों उन्होंने एक चेक भिजवाया। जब उस चेक को बैंक में लगवाया तो संबंधित खाते में कोई पैसा नहीं था। 10 जुलाई को दुकान मालिक को पता चला कि वह लोग डुग्गा में ऑटो शोरूम में आए हैं। जव वह वहां पहुंचा तो उनमें से पवन कुमार और राजीव गाड़ी लेकर भाग गए। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि तीसरे व्यक्ति सुरेश कुमार निवासी गांव धार डाकघर धमरोल तहसील भोरंज जिला हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया है। भादंसं की धारा 419, 420, 120 बी के तहत मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।