भरेड़ी (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत फकडूही गांव से पांच अगस्त से लापता 70 वर्षीय अभिया राम का शव बिलासपुर जिला के बागछाल पुल के पास बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया।
अभिया राम पुत्र लालू राम, निवासी गांव फकडूही, डाकघर हनोह पांच अगस्त को सुबह करीब 7:30 बजे शुगर टेस्ट करवाने के लिए भरेड़ी जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों के अनुसार उसी दिन करीब 11:46 बजे उन्होंने अपने चाचा-ससुर अमरनाथ के मोबाइल पर फोन किया और बातचीत के दौरान केवल इतना कहा कि यार भाई, मुझे माफ करना।
इसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने भोरंज थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाकर तलाश की गुहार लगाई थी। अभिया राम खेतीबाड़ी करते थे और पिछले कुछ समय से घरेलू परेशानियों के कारण मानसिक तनाव में थे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।