दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चकमोह में एक्सपायरी दवाइयों के मामले में खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. अरविंद टंडन ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित चिकित्सक को तीन दिन के भीतर पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बीएमओ ने मरीजों को एक्सपायरी दवाइयां देने के आरोपों को खारिज किया है, लेकिन करीब दो साल पहले एक्सपायर हो चुकी दवाइयां अस्पताल में रखे जाने पर जवाब मांगा है।
डॉ. टंडन ने स्पष्ट किया कि उपचार के दौरान एक्सपायरी दवाइयों का इस्तेमाल नहीं किया गया है। हालांकि, दवाइयों की वैधता समाप्त होने के बाद उन्हें अस्पताल में क्यों रखा गया और समय रहते नियमानुसार उनका निस्तारण क्यों नहीं किया गया, इसकी जांच की जाएगी।
संबंधित चिकित्सक से दवाइयों के भंडारण, उन्हें अलग रखने और नष्ट करने की प्रक्रिया में हुई देरी के कारणों का ब्योरा मांगा गया है। गौरतलब है कि भाजपा जिला सोशल मीडिया सह संयोजक अशोक शर्मा ने पीएचसी में दांतों के उपचार में इस्तेमाल होने वाले एनेस्थेटिक स्प्रे की एक्सपायरी तिथि दिसंबर 2024 होने का दावा किया था।
उन्होंने तारीख में बदलाव कर उसे 2026 दर्शाने का आरोप लगाते हुए सीएमओ को शिकायत दी थी। वहीं, दंत चिकित्सक नेहा शर्मा ने मरीजों को एक्सपायरी दवा देने के आरोपों को नकारा था। अब विभाग ने दवाइयों के अस्पताल में रखे जाने और उनके निस्तारण में देरी के कारणों की रिपोर्ट तलब की है।