नादौन(हमीरपुर)। मिनी सचिवालय नादौन में बीएलओ और पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला शनिवार को संपन्न हुई। कार्यशाला में बीएलओ और पर्यवेक्षकों को विधानसभा क्षेत्र 40-नादौन की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 40-नादौन के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी निशांत शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए सभी अधिकारी इसे गहनता के साथ समझें और भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।
कार्यशाला के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के कंप्यूटर प्रोग्रामर निखिल भारद्वाज, निर्वाचन कानूनगो मोहिंद्र सिंह और अन्य अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित समस्त प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इसमें प्रपत्रों के उपयोग, फील्ड सत्यापन, मतदाता पंजीकरण, संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया सहित अधिकारियों के कर्तव्य और उत्तरदायित्वों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।