नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह प्रेशर कुकर फटने से एक व्यक्ति घायल हो गया। जिसे नादौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। शुक्रवार सुबह स्थानीय बस अड्डे पर उस समय अफरातफरी मच गई जब एक दुकान के भीतर बड़ा धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर काफी लोग इकट्ठे हो गए। कुछ लोग इधर-उधर भागने लगे। दुकान में एक युवक के चिल्लाने की आवाज भी आई।
धमाके के बाद जब लोगों ने दुकान में देखा तो प्रेशर कुकर फटा हुआ था। इससे दुकानदार खुशी राम का 35 वर्षीय बेटा विशाल झुलस गया। स्थानीय लोगों ने घायल को नादौन अस्पताल पहुंचाया। नादौन अस्पताल के डॉ. बीएस राणा ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया है। पीरसलूरी के निहारी गांव निवासी खुशी राम की नादौन बस स्टैंड पर चने-समोसे आदि की दुकान है। उसके बेटे ने प्रेशर कुकर में चने उबालने के लिए डाले हुए थे कि अचानक कुकर फट गया। इससे वह घायल हो गया।