तीन जनरेटर होने के बावजूद अस्पताल में छाया रहता है अंधेरा
बत्ती गुल होने से डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में हो रही दिक्कत
आए दिन हो जाती है बत्ती गुल, मरीज होते हैं खासे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अचानक बिजली बाधित होने से मरीज परेशान हो रहे हैं। वीरवार को भी राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में डेढ़ बजे के करीब बत्ती गुल हुई और सवा तीन बजे के बाद बहाल हुई। इस दौरान मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मरीज अंधेरे में इलाज करवाने को मजबूर हो गए। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में तीन जनरेटर हैं लेकिन इनका इस्तेमाल कब करना है, कोई पता नहीं। बिजली गुल होने पर इनका इस्तेमाल नहीं हो रहा। अस्पताल में दिन में कई बार बत्ती गुल होती है और मरीज अंधेरे में खड़े रहते हैं।
मरीजों राकेश, प्रदीप, संदीप, संजीव, गायत्री, सुलोचना, नीलम और तृप्ता ने कहा कि अस्पताल के अधिकारियों ने अपने कमरों में तो एसी लगवाए हैं लेकिन मरीजों को लाइट तक की सुविधा नहीं है। गर्मियों के इस मौसम में तो अस्पताल प्रबंधन को चाहिए कि 24 घंटे बिजली की सुविधा रहे लेकिन मरीजों को अंधेरे में ही रहना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों आदि को अंधेरे में सीढि़यां चढ़ने में खासी दिक्कत होती है और हादसों का खतरा बना रहता है। इस बारे में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि ओटी में केबल जल गई थी। ऐसे में मरम्मत कार्य किया जा रहा था और इस कारण लाइट नहीं थी।