हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में जाकर की नुक्कड़ सभाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि न खाएंगे, न खाने देंगे की नीति पर भाजपा ने कार्य किया है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर अग्रसर है। देशभर में लोग भाजपा की नीतियों से प्रभावित हैं। कांग्रेस के राज में इतने घोटाले हुए हैं कि उन्होंने देश को लूट कर खोखला कर दिया। दस साल पहले देश को लूटने का काम कांग्रेस ने किया और फिर पीएम मोदी ने एक उम्मीद जगाई। 10 साल ईमानदारी से सरकार चलाई और कोई भ्रष्टाचार का आरोप भाजपा पर नहीं लगा है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 साल में भाजपा सरकार ने 4 करोड़ नए मकान गरीबों को बना कर दिए और अगले पांच साल में गरीबों के लिए भाजपा सरकार तीन करोड़ और घर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमीरपुर में फोरलेन, हमीरपुर से कोट की सड़क, हमीरपुर-नादौन-गगरेट-जालंधर की सड़क, हमीरपुर से बिलासपुर की सड़क को चौड़ा करने के अलावा नादौन से रानीताल सड़क का निर्माण करवाया गया है। हमीरपुर के शिक्षण संस्थानों में एनआईटी, आईआईआईटी ऊना, टेक्निकल यूनिवर्सिटी, उद्यानिकी एवं वानिकी कॉलेज नेरी और मेडिकल काॅलेज हमीरपुर, 6 केंद्रीय विद्यालय की सौगात हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को भाजपा ने दी है। रविवार को अनुराग ठाकुर ने ग्राम पंचायत नेरी सासन, बजूरी और भगेटू में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उनके साथ हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, भाजपा मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।