महिला ने सुरक्षा कर्मी पर नशे में अभद्र व्यवहार का लगाया आरोप
आधी रात को कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा
सुरक्षा कर्मी आउटसोर्स पर कंपनी के माध्यम से है तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में शनिवार देर रात एक सुरक्षा कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट के आरोप मरीज के साथ आए तीमारदारों पर लगे हैं। वहीं, तीमारदारों ने आरोप लगाए हैं कि सुरक्षा कर्मी शराब के नशे में था और हल्ला कर रहा था। वे मरीज को लेकर अस्पताल आए थे। रात को 12 बजे के करीब सुरक्षा कर्मचारी की ड्यूटी थी। सुरक्षा कर्मचारी 11 बजे के करीब ही अस्पताल पहुंच गए। तीमारदारों का कहना था कि यह सुरक्षा कर्मचारी शराब के नशे में था। उन्हें अनाप शनाप बोलने लगा। इस पर महिला तीमारदार ने सुरक्षा कर्मचारी की चप्पल से पिटाई कर दी। मामले के तूल पकड़ता देख अन्य कर्मचारियों और तीमारदारों ने बीच बचाव किया। आधी रात को सामने आई इस घटना से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस और अस्पताल प्रबंधन को नहीं दी गई है। ऐसे में इस मामले में कोई कानूनी और विभागीय कार्रवाई नहीं हुई है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर सुरक्षा कर्मी आउटसोर्स पर कंपनी के माध्यम से तैनात है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर रमेश भारती ने कहा कि मामला ध्यान में नहीं है। अगर ऐसी बात हुई है तो मामले की छानबीन की जाएगी।