हमीरपुर। जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने विकास खंडों के पुनर्गठन पर प्रतिक्रिया दी है। जिलाध्यक्ष राके ठाकुर, समीरपुर मंडल अध्यक्ष अभयवीर सिंह लवली ने कहा कि वर्तमान सुक्खू सरकार के इस फैसले ने स्पष्ट कर दिया है कि यह सरकार आम जनमानस की भावनाओं का निरादर करते हुए तानाशाही फैसले ले रही है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र की जनता जल्द ही इस तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विधायक का घेराव करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि पुनर्गठन के पश्चात बमसन ब्लॉक से 17 पंचायतों को निकालकर भोरंज में मिला दिया गया। इनमें से 9 पंचायतें डाडू, चमबोह, कोटला, बजड़ोह, बधानी, कंजयां, केहरवीं, अमन, ढनवान पहले ही भोरंज खंड में मिलने के लिए अपनी सहमति दे चुकी थीं लेकिन आठ पंचायतें दाढ़ी, बगवाड़ा, समीरपुर, पंजोत, टिक्करबुला, दरव्यार, दीमी और बराड़ा लगातार सरकार और प्रशासन को अवगत करवा रही थीं कि उन्हें बमसन खंड में ही रखा जाए। जनप्रतिनिधियों के आग्रह को ठुकराकर सरकार ने इन पंचायतों को भोरंज खंड में मिला दिया, जो पूरी तरह से जनविरोधी निर्णय है।