भोरंज (हमीरपुर)। भारतीय जनता पार्टी मंडल भोरंज द्वारा सिविल अस्पताल भोरंज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर ने की।
अभियान में पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, राज कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर अस्पताल परिसर की सफाई की और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही आमजन से अपने आसपास साफ-सफाई रखने की अपील भी की गई।
स्वच्छता अभियान के पश्चात ‘प्रगति पथ यात्रा’ के तहत बुंबलू घाट क्षेत्र में एक विशेष पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित पट्टा-आवाहदेवी सड़क पर निकाली गई।
पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी यह सड़क केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास, बेहतर संपर्क व्यवस्था और समृद्धि का एक नया द्वार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में ग्रामीण भारत के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
वहीं, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बन रही सड़कें न केवल दूरी कम कर रही हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित कर रही हैं।