हमीरपुर। पंचायती राज चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा ने जिले में शानदार प्रदर्शन का दावा किया है। पार्टी के अनुसार विकास खंड समिति (बीडीसी) की 119 सीटों में से 80 पर भाजपा समर्थित एवं विचारधारा से जुड़े उम्मीदवार विजयी हुए हैं, जबकि जिला परिषद की 19 सीटों में से 18 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि नादौन विकास खंड की 27 सीटों में से 16 पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि 10 सीटों पर कांग्रेस समर्थित और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। भोरंज में भाजपा समर्थित 10, कांग्रेस समर्थित नौ और तीन निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए हैं।
सुजानपुर विकास खंड में 30 सीटों में से 24 पर भाजपा समर्थित, पांच पर कांग्रेस समर्थित और एक पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत का दावा किया गया है। वहीं, बड़सर में भाजपा ने 18 सीटों पर जीत हासिल करने का दावा करते हुए कांग्रेस के खाते में चार और एक सीट निर्दलीय के खाते में बताई है।
हमीरपुर ब्लॉक में भाजपा ने 12 सीटें, कांग्रेस ने चार और एक निर्दलीय उम्मीदवार के जीतने का दावा किया है। भाजपा के अनुसार बमसन ब्लॉक में 12 भाजपा समर्थित, दो कांग्रेस समर्थित और एक निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा, जबकि सुजानपुर ब्लॉक में भाजपा समर्थित 12 और कांग्रेस समर्थित तीन उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
उनका कहना है कि बीडीसी चुनाव में कुल 119 सीटों में से 80 पर भाजपा विचारधारा, 32 पर कांग्रेस विचारधारा और सात सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। वहीं, जिला परिषद चुनाव में 15 भाजपा समर्थित और तीन निर्दलीय विजयी उम्मीदवारों को भी भाजपा विचारधारा से जुड़ा बताया गया है।