हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज कैडर के स्टाफ की बायोमीट्रिक मशीन से हाजिरी लगाने की कवायद शुरू हो गई है। फिलहाल चार जगहों पर बायोमीट्रिक मशीनें लगाकर इन स्टाफ सदस्यों की ऑनलाइन हाजिरी लगेगी।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने चार बायोमीट्रिक मशीनें खरीदने का ऑर्डर दे दिया है। जल्द ही यह मशीनें अस्पताल पहुंचेगी और इन्हें चार ब्लॉकों में स्थापित किया जाएगा। इनमें एक बायोमिट्रिक मशीन अकादमिक ब्लॉक में, एक प्राचार्य कार्यालय में, एक रेडियोलॉजी विभाग के भवन में और एक ओपीडी भवन में लगेगी।
मशीनें लगने के बाद मेडिकल कॉलेज कैडर के स्टाफ सदस्यों की बायोमीट्रिक हाजिरियां लगना शुरू हो जाएंगी। इससे कॉलेज में स्टाफ के मनमर्जी के आने और जाने पर रोक लगेगी। स्टाफ सदस्य बायोमीट्रिक स्कैन कर ही अस्पताल में ड्यूटी पर आएंगे और जाने से पहले भी बायोमिट्रिक स्कैन करना होगा। इससे जहां मरीजों को अस्पताल स्टाफ का लाभ मिलेगा, वहीं प्रशिक्षुओं को भी लाभ होगा।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुमन यादव ने कहा कि एनएमसी के निर्देशानुसार बायोमीट्रिक हाजिरियां जल्द ही शुरू होंगी। फिलहाल चार मशीनें मंगवाई गई हैं। ये चार ब्लॉकों में स्थापित की जाएंगी।