बिझड़ी के ताल स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट me भाग लेते हुए खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : Archive
दियोटसिद्ध/बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से ताल स्टेडियम बिझड़ी में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट का उद्घाटन विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने किया। समारोह में कबड्डी स्टार और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डीएसपी अजय सिंह ठाकुर ने शिरकत की।
प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट की शुरुआत हमीरपुर और महारल की महिला खिलाड़ियों के मैच से हुई, जिसमें हमीरपुर की टीम विजेता रही। फाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश की बिलासपुर टीम ने फतेहगढ़ साहब (पंजाब) की टीम को 38-21 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। विजेता टीम को 15 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई। फाइनल मैच के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब एक अंक को लेकर बिलासपुर टीम के खिलाड़ी अंपायरिंग कर रहे महेंद्र शर्मा और उनके सहयोगी अंपायर से उलझ गए। बाद में वीडियो रिव्यू के आधार पर निर्णय लिया गया और मैच दोबारा शुरू हुआ। कबड्डी कप के आयोजक एवं जिला वॉलीबाल संघ अध्यक्ष आशीष सिंह ठाकुर ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और खेल भावना को बढ़ावा देना है। संवाद