नादौन (हमीरपुर)। अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम अमतर नादौन में बुधवार को सीनियर वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत टी 20 मुकाबले में बिलासपुर ने हमीरपुर को 20 रन से हरा दिया। इससे पूर्व बिलासपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 6 विकेट पर 154 रन बनाए। अमित रघु ने 37, आर्यवर्त शर्मा ने 35 और दिग्विजय ने 59 रन का योगदान दिया। हमीरपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए विनय गुलटिया और प्रिंस ठाकुर ने दो दो और रोहित तथा रिशित ने एक-एक विकेट लिया। जीत के लिए 155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमीरपुर की टीम 16 ओवर में 5 विकेट पर 142 रन ही बना सकी। इसमें शुभम अरोड़ा ने 86 तथा एकांत सेन ने 39 रन का योगदान दिया। बिलासपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए रोहित ठाकुर ने दो तथा अभिनव कंवर और अंशुल ने एक एक विकेट लिया, जबकि एक खिलाड़ी रनआउट हुआ। अंत में बिलासपुर ने 12 रन से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।