हमीरपुर। ढाई वर्षीय बच्चे को सड़क किनारे टक्कर मारने के बाद मौके से फरार चल रहे आरोपी बाइक सवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी मोटसाइकिल को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। सड़क पर लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान संभव हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, गंभीर घायल बच्चे को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। शुक्रावर शाम छह बजे यह हादसा पेश आया था। धर्मेंद्र पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव गुरियाली डाकघर लच्छमपुर तहसील व थाना विसौली जिला बदायूं उत्तर प्रदेश ने पुलिस को बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। वह नीलू नाम के दुलेड़ा निवासी व्यक्ति के घर में अपने परिवार सहित किरायेदार के तौर पर रहता है। शुक्रवार को वह अपने ससुर रामनाथ शर्मा निवासी दोसड़का के घर में अपनी पत्नी, सात वर्षीय बड़े बेटे और ढाई वर्षीय छोटे बेटे के साथ दोसड़का के समीप डुग्घा के पास अपने निजी काम से सड़क किनारे खड़ा था। तभी एक मोटर साइकिल चालक ने सड़क किनारे खड़े छोटे बेटे को टक्कर मार कर घायल कर दिया और आरोपी मौके से फरार हो गया। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि आरोपी की पहचान की जा चुकी है। बाइक भी पुलिस के कब्जे में है। अब मामले की जांच चल रही है।