नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत नादौन हमीरपुर एनएच पर भूंपल के समीप लाहड़ कोटलू गांव में सड़क किनारे खड़ी सरकारी बस से टकराने पर बाइक सवार की मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है। जानकारी के मुताबिक कुलदीप कुमार पुत्र नंदलाल निवासी गांव लाहड़ कोटलू टेंट लगाने का काम करता था।
शनिवार रात करीब 11 बजे जब वह गांव के निकट ही एक कार्यक्रम के दौरान टेंट का काम खत्म करके घर वापस आ रहा था तो उसकी बाइक सड़क किनारे खराब खड़ी एचआरटीसी की बस के साथ टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप घायल से हो गया। दुर्घटना उसके घर के पास ही हुई। घायल अवस्था में जब कुलदीप को नादौन अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पता चला है कि निगम की बस शनिवार दोपहर से ही खराब हो जाने से सड़क किनारे खड़ी थी। कुलदीप अपने पीछे दो मासूम बेटियां तथा पत्नी छोड़ गया है। ग्रामीणों ने गरीब परिवार की सहायता की गुहार लगाई है। नायब तहसीलदार नादौन सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। नादौन पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।