नादौन अस्पताल सड़क मार्ग पर गुरूद्वारा के पास पड़े गड्ढे। जागरूक पाठक।
नादौन (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल नादौन के सड़क मार्ग पर गुरुद्वारा चौक के पास सड़क के बीचोंबीच दो बड़े गड्ढे पड़ जाने से आवाजाही में काफी समस्या हो रही है। यह गड्ढे इतने बड़े हो गए हैं कि एक स्कूटी सवार गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर गिर जाने से बुरी तरह घायल हो गया।
यहां पर बीते कई दिनों से हर दिन दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों में तिलक राज, रमेश कुमार, मनोज कुमार, ज्ञान चंद विवेक, विजय, राजेश आदि ने बताया कि इन गड्ढों के आसपास सड़क मार्ग का कुछ भाग पहले ही सीवरेज कार्य के बाद धंसा हुआ है। इसके अलावा मुख्य मार्ग के किनारे गुरुद्वारा गेट के पास पेयजल पाइप डालने के लिए उखाड़ी सड़क को भी ठीक नहीं किया गया है, जिसके कारण इस पूरे मार्ग की हालत दयनीय बनी हुई है और अक्सर यहां जाम की स्थिति बन रही है।
ऐसे में कई बार रोगियों को लाने और ले जाने वाली एंबुलेंस भी फंस चुकी है। स्थानीय लोगों ने विभाग से इस महत्वपूर्ण मार्ग को जनहित में प्राथमिकता के आधार पर अतिशीघ्र ठीक करने की मांग की है। इस संबंध में विभाग के एसडीओ पंकज कौशल ने बताया कि मौसम साफ होते ही इस मार्ग को ठीक करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण यह समस्या हुई है।