भोरंज (हमीरपुर)। कोरोना महामारी की दूसरी लहर से निपटने के लिए बीजेपी महिला मोर्चा सक्रिय हो गया है। महिला मोर्चा भोरंज ने पुन: मास्क सिलने की मुहिम शुरू कर दी है। महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीलम अरोड़ा और भोरंज से ही संबंध रखने वाली महिला मोर्चा जिला महामंत्री अनीता गथानिया ने कहा कि भोरंज में अब तक 1450 मास्क बन चुके हैं और इन्हें आम जनता को वितरित भी कर दिया है।
नीलम अरोड़ा ने कहा कि भोरंज से विधायक कमलेश कुमारी ने पिछले वर्ष मास्क सिलने के अभियान की शुरुआत करके पूरे प्रदेश और देश को दिशा और दशा दी थी। भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने महिला मोर्चा को अब तक मास्क सिलने के लिए 50 मीटर कपड़ा भी उपलब्ध करवाया गया है। अनीता गथानिया ने कहा कि इस अभियान में उनके साथ महिला मंडल और स्वयं सहायता समूह अपना योगदान दे रहे हैं।