अभ्यास करते भोरंज कॉलेज के बास्केटबाल खिलाड़ी। -स्रोत : संस्थान
जाहू (हमीरपुर)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सरकाघाट में राज्य स्तरीय अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 19 नवंबर से शुरू हो रही है, जो 22 नवंबर तक चलेगी। इस प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए भोरंज महाविद्यालय की टीम सोमवार को रवाना हुई।
भोरंज महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग प्रमुख एवं कोच प्रो. वीरेंद्र ठाकुर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय ठाकुर ने टीम को आशीर्वाद देकर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई। बता दें कि सरकाघाट कॉलेज में होने वाली प्रतियोगिता का 19 नवंबर को पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल शुभांरभ करेंगे। बता दें कि भोरंज महाविद्यालय के खिलाड़ी पहले भी अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। इस दौरान महाविद्यालय खेल कमेटी के सदस्य डॉ प्रिंस ठाकुर, डॉ आशा, डॉ तिलक राज उपस्थित रहे।