नादौन/ सुजानपुर/ हमीरपुर। जिला के कई शिवालयों में सोमवार को भी महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर भंडारों का आयोजन किया गया। इनमें हजारों की संख्या ने श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
हमीरपुर स्थित शिव मंदिर में भी भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। अधिक भीड़ होने के कारण लोगों ने लाइनों में लगकर प्रसाद ग्रहण करने का इंतजार किया। वहीं, साथ में हलवा भी बांटा गया। शिव मंदिर कमेटी की ओर से इस भंडारे का आयोजन किया गया।
शिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य पर नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर चार और वार्ड नंबर छह में सैनिक स्कूल के पास स्थित शिव मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जल शक्ति विभाग कार्यालय परिसर नादौन स्थित गगाल के शिव मंदिर में भी भंडारे का आयोजन धूमधाम से किया गया। सोमवार को सुबह मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं अखंड पाठ के भोग के बाद भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। इससे पूर्व शिव मंदिर में अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ। जल शक्ति विभाग नादौन के एसडीओ रविंद्र कुमार ने कहा कि मंदिर में आयोजत भंडारे मेें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान तारकेश्वर महादेव मंदिर तरकेड़ी में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर चार प्रहरी पूजन, यज्ञ, होम और भंडारे आदि का आयोजन किया गया।