नादौन (हमीरपुर)। क्षेत्र में बीयर बार न खोलने को लेकर मालिकों में सरकार के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। इनका कहना है कि शराब के ठेके और रेस्टोरेंट खोल दिए पर अभी तक बार नहीं खोले गए हैं। इससे इस व्यापार के साथ जुड़े लोगों को सड़क पर आने की नौबत आ चुकी है। नादौन में बार मालिकों विशाल उप्पल, राजकुमार, अमन, ज्ञानचंद, मनिंदर, नरदीप परमार, आशु मंडयाल ने बताया कि बार मालिकों को कोरोना काल में लाखों का नुकसान हो चुका है। वहीं, उन्हें अब अपने परिवार का पेट पालना कठिन हो गया है।
बार मालिकों का कहना है कि उनके पास काम करने वाले कर्मचारियों को वेतन देना कठिन हो चुका है। प्रदेश में कई भागों में बार खोल दिए गए हैं। ऐसे में जिला हमीरपुर के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। बार मालिकों का कहना है कि यदि सरकार बार खोलने की स्वीकृति देती है तो वह कोरोना के लिए निर्धारित सभी तरह के नियमों का पालन करने के लिए तैयार हैं। बार मालिकों ने सरकार से मांग की है कि जिला भर में शीघ्र बार खोलने की इजाजत दी जाए ताकि, इस वर्ग को राहत मिल सके।