बस्सी से तताहर सड़क पर कक्कड़ के पास टारिंग से पहले मरम्मत कार्य करते कंपनी के कर्मचारी।संवाद
जाहू(हमीरपुर)। बस्सी से तताहर सड़क को दुरुस्त करने का कार्य जोरों पर चल रहा है। सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य जारी है, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द ही धूल और गड्ढों से निजात मिल सके। विभाग ने मार्च के अंत तक सड़क को चकाचक करने का लक्ष्य रखा है।
11 किलोमीटर सड़क के भागों का जीर्णोद्धार करने के लिए विभाग ने 31 मार्च तक रखा गया है। सरकाघाट उपमंडल की ओर से डली से चंदरूही तक लगभग 2.800 किलोमीटर सड़क के किनारे पक्की नालियों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। क्षेत्र में करीब 350 मीटर सड़क की मरम्मत कर टारिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण होगा।
इसके अतिरिक्त चंदरूही से भरेड़ी के लगभग 400 मीटर हिस्से में भी मरम्मत कार्य पूरा हो गया है। इस भाग की जल्द टारिंग शुरू होगी। बारिश के पानी से सबसे अधिक प्रभावित रहने वाले चंदरूही बाजार में करीब 175 मीटर हिस्से में सीमेंट के पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, ताकि बरसात के दौरान पानी से सड़क को नुकसान न पहुंचे।
इसी प्रकार कक्कड़ बाजार में लगभग 80 मीटर सड़क को सीमेंट के पेवर ब्लॉक से पक्का किया जाएगा। वहीं, राजकीय उच्च पाठशाला कक्कड़ से भरेड़ी की ओर आने वाली सड़क का लगभग 200 मीटर हिस्सा इन दिनों बेहद खस्ताहाल हो गया है। इस स्थान को कंक्रीट से पक्का करने का कार्य किया जा रहा है, जिससे वाहन लोगों को जल्द राहत मिलेगी।
कोट
बस्सी से तताहर सड़क जहां-जहां खराब है, वहां मरम्मत का कार्य जारी है। मार्च के अंत तक पूरी सड़क को तैयार कर दिया जाएगा, ताकि वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े।
-प्रवीण कुमार, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग, मंडल भोरंज अनुभाग भरेड़ी